विश्व उद्यमिता दिवस
विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला (21 अगस्त 2026)
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय (CBLU), भिवानी में विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर “From Ideas to Impact: Empowering Young Minds for Entrepreneurship, Innovation & Start-up Success” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, नवाचार, रचनात्मकता एवं स्टार्ट-अप संस्कृति को बढ़ावा देना था।
कार्यशाला का परिचय देते हुए समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार तेवतिया ने कहा कि तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल अर्थव्यवस्था ने युवाओं के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर पैदा किए हैं। उद्यमिता पखवाड़े के अंतर्गत 24 अगस्त से 2 सितंबर तक पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, बिजनेस आइडिया एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जेन-जी उद्यमियों के साथ किए गए संवाद कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने विचारों को सफल उद्यमों में परिवर्तित कर रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनने का आह्वान किया। उन्होंने मार्गदर्शन, वित्तीय एवं तकनीकी सहायता, कौशल विकास तथा उद्योगों से जुड़ने के अवसरों की आवश्यकता पर बल दिया।
CBLU की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ उद्यमिता एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विश्वविद्यालय में विभिन्न स्किल एनहांसमेंट कोर्सेज, स्किल एनहांसमेंट सेंटर एवं इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उद्यमिता एक ऐसी सोच है, जो समस्याओं को अवसरों में बदलने और विचारों को सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव में परिवर्तित करने का साहस देती है।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि श्री एस. के. शर्मा, उपाध्यक्ष, शिव शक्ति इंटर ग्लोबल एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, करनाल ने विद्यार्थियों को अपने विचारों पर विश्वास कर उन्हें कार्यरूप देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
